गुरुपूर्णिमा पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा में पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, नशा मुक्ति का भी दिया संदेश

रामपुर। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर शासन की महत्वाकांक्षी योजना “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा (चैनपुर), विकासखंड करतला में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ.जगन्नाथ हिमधर के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रकृति संरक्षण को गुरु सम्मान से जोड़ते हुए विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुँचाने का संकल्प भी दोहराया।
विद्यालय में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बैनर तले स्काउट प्रभारी के नेतृत्व में स्काउट विद्यार्थियों ने अपनी वर्दी एवं अनुशासित गतिविधियों के साथ पौधारोपण किया। वहीं यूथ एवं युवा क्लब के पदाधिकारियों तथा प्रभारी शिक्षिका सेवती पटेल के नेतृत्व में भी पौधारोपण कर हरित वातावरण निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्रपाल सिंह राठिया, सरपंच, ग्राम पंचायत नवापारा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के उन तीन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जिन्होंने पचमढ़ी ट्रैकिंग अभियान में भाग लेकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। सम्मान स्वरूप उन्हें टी-शर्ट, बैग एवं पानी की बोतल भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में नशा मुक्ति एवं धूम्रपान निषेध संबंधी जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। शाला परिसर की बाउंड्री पर दो जागरूकता पोस्टर लगाए गए तथा उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि विद्यालय परिसर के 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का नशापान एवं धूम्रपान करना कानूनन अपराध है तथा इसके उल्लंघन पर शासन द्वारा जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है।
गुरुपूर्णिमा के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का पुष्प अर्पित कर एवं सम्मानपूर्वक अभिनंदन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर व्याख्याता टीकाराम राठिया एवं मनमोहन सिंह राठिया ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, संस्कार एवं शिक्षा का महत्व बताया तथा सभी को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त समाज एवं स्वच्छ परिसर निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। उत्साह, उमंग एवं सामाजिक जागरूकता से परिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।