सिर्फ तिरंगा फहरा देने से हमारे फर्ज पूरे नहीं होते, राष्ट्र के सम्मान और विकास के लिए जमीनी स्तर पर कर्म करना अनिवार्य है


स्वतंत्रता दिवस पर नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम कुमार गुप्ता ने दिया राष्ट्रभक्ति, एकता और जिम्मेदारी का संदेश

रायगढ़। नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक तथा प्रेस क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा कि सिर्फ तिरंगा फहरा देने से हमारे फर्ज पूरे नहीं हो जाते। तिरंगा अगर दिल से फहराना है, तो उसके सम्मान और राष्ट्र की प्रगति के लिए हमें जमीनी स्तर पर कुछ करके भी दिखाना होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की विकासशीलता केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आजादी के बाद से देश में अलगाववाद और विभाजनकारी सोच की राजनीति को समाप्त कर विकास, एकता और राष्ट्रहित की राजनीति को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। सर्वसमाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत हो तथा प्रत्येक नागरिक का तिरंगे और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जुड़ाव बढ़े, यही समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि देश जातिवाद से नहीं, राष्ट्रवाद से चलेगा। हर नागरिक को स्वयं से यह सवाल करना चाहिए कि देश के विकास में उसकी अपनी क्या भूमिका है। राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को केवल सरकारी व्यवस्था की जिम्मेदारी न मानकर प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी नैतिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करना होगा।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। इसलिए तिरंगे को सम्मान देना केवल उसे फहराने तक सीमित नहीं होना चाहिए। हमें समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाना, एक-दूसरे को जोड़ना, देश की एकता को मजबूत करना, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना होगा।
उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प भी लें। जब आम नागरिक देश से भावनात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण रूप से जुड़ेगा, तभी राष्ट्रीय एकता मजबूत होगी और तिरंगे का वास्तविक सम्मान सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा, “तिरंगा फहराना गर्व की बात है, लेकिन तिरंगे के सम्मान के लिए राष्ट्रहित में कर्म करना उससे भी बड़ी देशभक्ति है।”
श्याम कुमार गुप्ता ने देशवासियों से राष्ट्र निर्माण की इस मुहिम में आगे आने और समाज को एकता, सद्भाव, विकास तथा राष्ट्रवाद के सूत्र में बांधने का आह्वान किया।
जय हिंद! जय भारत! जय छत्तीसगढ़!

