करतला महाविद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय


दूसरी हेडलाइन: थानेदार गणेश यादव ने सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग, UPI फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट को लेकर किया जागरूक

रामपुर। शासकीय महाविद्यालय करतला में शुक्रवार को साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत थाना करतला के तत्वावधान में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित इंटरनेट एवं सोशल मीडिया उपयोग के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय यादव ने की। मुख्य वक्ता के रूप में थाना करतला के थानेदार गणेश यादव उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लिंक, UPI फ्रॉड, अश्लील मैसेज एवं फोटो के जरिए ब्लैकमेलिंग तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
थानेदार गणेश यादव ने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर बिना जांच-पड़ताल क्लिक न करें। बैंक खाता, एटीएम, UPI, पासवर्ड, OTP अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो, मोबाइल नंबर एवं संवेदनशील विवरण सार्वजनिक करने से भी बचें।
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां गंभीरता से सुनीं। इस अवसर पर प्रो. प्रभा शंकर यादव, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा थाना करतला से उप निरीक्षक दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री उमा शंकर ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की तत्काल सूचना देने का संदेश दिया गया।