कलार महासभा की नई पहल का प्रेस रिपोर्टर क्लब ने किया स्वागत

विवाह संबंध तय करने से पहले बेटियों को भी वर-पक्ष का घर देखने का अवसर देने की पहल को बताया सामाजिक बदलाव की दिशा में क्रांतिकारी कदम


रायगढ़। प्रदेश कलार महासभा के अध्यक्ष विजय जायसवाल के निवास पर प्रेस रिपोर्टर क्लब की टीम पहुंची। इस दौरान प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता एवं रायगढ़ जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाटिया ने प्रदेश कलार महासभा द्वारा समाज के विस्तार, सर्वसमाज समभाव, समाज की प्रतिभाओं के सम्मान और बेटियों के सम्मान को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस दौरान कलार महासभा की उस महत्वपूर्ण सामाजिक पहल पर विशेष चर्चा हुई, जिसमें विवाह संबंध तय करते समय बेटियों को भी वर-पक्ष के घर जाकर परिवार और वातावरण को देखने-समझने का अवसर देने की पहल की गई है।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि हमारे समाज में अक्सर विवाह संबंधों के दौरान लड़के और लड़की के परिवार आपस में मिलते हैं, लेकिन कई परंपराओं में लड़की को वर-पक्ष के घर जाकर परिवार और वातावरण को समझने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता। जबकि विवाह के बाद उसी बेटी को अपने ससुराल में जीवन बिताना होता है। ऐसे में विवाह से पहले बेटी की राय, सहमति और सुविधा को महत्व दिया जाना आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश कलार महासभा के अध्यक्ष विजय जायसवाल के नेतृत्व में शुरू की गई यह पहल बेटियों के सम्मान और सामाजिक सोच में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय एवं क्रांतिकारी कदम है। प्रेस रिपोर्टर क्लब इस पहल का खुलकर स्वागत करता है।
श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि समाज के भीतर से ऐसी सकारात्मक परंपराओं की शुरुआत होती है, तो आने वाले समय में इसका प्रभाव पूरे सर्वसमाज पर पड़ सकता है। उन्होंने कलार महासभा द्वारा समाज की प्रतिभाओं को सम्मान देने, सामाजिक एकता को मजबूत करने और सर्वसमाज समभाव की भावना के साथ आगे बढ़ने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्रदेश कलार महासभा के अध्यक्ष विजय जायसवाल ने प्रेस रिपोर्टर क्लब द्वारा कलार महासभा की सामाजिक गतिविधियों एवं सकारात्मक पहलों को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता एवं रायगढ़ जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाटिया का सम्मान करते हुए उनके घर पहुंचकर रिपोर्टिंग करने और समाज की सकारात्मक गतिविधियों को प्रमुखता देने के लिए धन्यवाद दिया।
विजय जायसवाल ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सामाजिक संगठनों और मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रेस रिपोर्टर क्लब के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों को लेकर मिलकर कार्य करने की बात कही।
प्रेस रिपोर्टर क्लब की टीम ने विजय जायसवाल एवं प्रदेश कलार महासभा को बेटियों के सम्मान, सामाजिक जागरूकता, प्रतिभाओं के सम्मान तथा सर्वसमाज समभाव की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

