पुत्र के जन्मदिन की खुशियां बच्चों संग बांटी, शिक्षक हेमंत खुटे ने कराया न्योता भोज

केक-कैंडल से अलग, बच्चों की मुस्कान के साथ मनाया जन्मदिन

पिथौरा शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कसहीबाहरा में शिक्षक एवं संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने अपने पुत्र अभिनंदन (कानन) के जन्मदिन को यादगार और सार्थक बनाने के लिए विद्यालयीन बच्चों के साथ खुशियां साझा की। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया।
भोजन अवकाश के दौरान विद्यालय के बच्चों ने समवेत स्वर में भोजन मंत्र का उच्चारण किया और सामूहिक रूप से न्योता भोज ग्रहण किया। इस अवसर पर अभिनंदन ने बच्चों को मिठाई खिलाकर अपना जन्मदिन मनाया। बच्चों ने भी अभिनंदन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षक हेमंत खुटे की इस पहल की विद्यालय परिवार ने सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय कि शिक्षिका तबस्सुम ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में सामूहिकता, अपनापन, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं तथा विद्यालय को परिवार जैसा वातावरण प्रदान करते हैं।
संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने कहा कि बच्चों के साथ खुशियां बांटना ही जन्मदिन मनाने का सबसे सार्थक तरीका है। न्योता भोज के माध्यम से बच्चों के साथ खुशियों के इस पल को साझा करने का अवसर मिला। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखकर जन्मदिन की खुशी और भी खास हो गई।
