नवापारा में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता रैली निकाली गई।नारों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश।


रामपुर।करतला विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा (चैनपुर) में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को लेकर विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य डॉ. जगन्नाथ हिमधर के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ व्याख्याता टी.आर. लाठिया एवं मनमोहन सिंह राठिया के संयोजन में आयोजित इस रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर विद्यालय परिसर से रैली प्रारंभ की। रैली गांव की प्रमुख सड़कों एवं गलियों से होते हुए निकली। इस दौरान विद्यार्थियों ने “लाल बत्ती पर रुकना सीखो, सुरक्षित जीवन जीना सीखो”, “ट्रैफिक नियम का करो सम्मान, सुरक्षित होगा हर इंसान” तथा “जिंदगी अनमोल है, ट्रैफिक नियम का पालन ही इसका मोल है” जैसे प्रेरणादायी नारों के माध्यम से ग्रामीणों एवं राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान सड़क पर दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाकर चलने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लोगों को प्रकाश कुमार राठौर द्वारा विशेष समझाइश दी गई। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने, यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की। विद्यार्थियों को भी सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के अंतर्गत विभिन्न सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि थोड़ी सी लापरवाही कभी-कभी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नियमों का पालन करना और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना आवश्यक है।
रैली के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन में पवन सिंह कंवर, विपिन लकड़ा, सेवती पटेल, प्रतिभा कहरा, मंजू शर्मा, दामिनी कुम्भकार, जय सूरज साहू, विजय कुमार कंवर, गंगाराम राठिया, मंगल सिंह सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं का सराहनीय सहयोग रहा। रैली के अंत में सभी विद्यार्थी एवं शिक्षक विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां जागरूकता रैली का समापन किया गया।

