Blog

नवापारा विद्यालय में करियर गाइडेंस सेमिनार एवं मार्कशीट वितरण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक सम्पन्

विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित

कोरबा (करतला)।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा (चैनपुर) में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के उद्देश्य से “करियर गाइडेंस सेमिनार एवं मार्कशीट वितरण कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों के चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्वरोजगार एवं भविष्य के विविध करियर विकल्पों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय मनोज झा (जनपद उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष स्थाई शिक्षा समिति, जनपद पंचायत करतला) ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वयं का रोजगार स्थापित करने की शक्ति भी प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता एवं प्रतिभा को पहचानकर सही दिशा में निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ग्राम पंचायत नवापारा के सरपंच माननीय छत्रपाल सिंह राठिया ने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रमों से नई दिशा मिलती है। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि एवं एसएमडीसी अध्यक्ष श्री तामेश्वर प्रसाद राठिया ने विद्यार्थियों एवं पालकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की प्रशंसा करते हुए विद्यालय की प्रगति एवं विकास कार्यों में निरंतर सहयोग करने की बात कही।
संस्था के प्राचार्य डॉ. जगन्नाथ हिमधर ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जो शिक्षकों की मेहनत एवं विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय के स्काउट दल के 18 विद्यार्थियों को प्राप्त “राज्यपाल सम्मान” का उल्लेख करते हुए स्काउट प्रभारी मनमोहन सिंह राठिया एवं समस्त स्काउट विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञ वक्ताओं ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वैभव कौशिक (सीईओ, जनपद पंचायत करतला) ने पीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं उनमें उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझाया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. त्रिलोक जगितानाथ हिमधर ने विज्ञान विषय की उपयोगिता एवं मेडिकल क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से प्रभावित होकर अनेक विद्यार्थियों ने डॉक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की।
हाईकोर्ट अधिवक्ता एवं पत्रकार निमेश कुमार राठौर ने विधि शिक्षा, न्यायिक सेवाओं एवं पत्रकारिता क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। वहीं व्याख्याता मनमोहन सिंह राठिया ने एसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
अन्य वक्ताओं में पवन सिंह कंवर, प्रकाश राठौर, विपिन लकड़ा एवं जय सूरज साहू ने भी विद्यार्थियों को अपने अनुभवों एवं प्रेरणादायी विचारों से लाभान्वित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के यूथ एवं इको क्लब द्वारा प्रकाशित पत्रिका का अतिथियों के करकमलों द्वारा विमोचन किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो एवं पुष्पमाला प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों के पालकों को भी पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भावुक एवं गौरवपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रतिभा कहरा (व्याख्याता) द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन टी.आर. लाठिया (वरिष्ठ व्याख्याता) ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपसरपंच दिलादास महन्त , चूड़ामणि राठिया,श्रीमती सेवती पटेल, विजय पटेल, रथराम, भरत एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पालकगण, पंचगण, एसएमडीसी सदस्य एवं पालक समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ताज़ा ख़बरें
प्रदेश सरपंच संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष बने हिमांशु चौहान, प्रेस रिपोर्टर क्लब ने दी हार्दिक शुभकामनाएं श्री राम मंदिर रायपुर के दिव्य दरबार में पहुंचे अखिल भारतीय प्रमुख प्रचारक राजेंद्र भाई साहब, बालाजी... छत्तीसगढ़ सरपंच संघ ने किया नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन, पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी प्रदेश की जर्जर सड़कों पर भड़के पिंटू सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री से तत्काल सुधार की मांग,आंदोलन की दी ... श्याम टॉकीज–गणेश वॉच इलेक्ट्रॉनिक्स–सिंधु बुक डिपो मार्ग पर रोज़ाना जाम, जनता और व्यापारी परेशान श्याम टॉकीज–गणेश वॉच इलेक्ट्रॉनिक्स–सिंधु बुक डिपो मार्ग पर रोज़ाना जाम, जनता और व्यापारी परेशान छत्तीसगढ़ की बदहाल सड़कों पर भड़के स्वास्तिक मजदूर सेवा समिति के जिलाध्यक्ष पिंटू सिंह, PWD मंत्री स... साधना, साख और संकल्प: राजनीति के 'नीलकंठ' के रूप में उभरे ओ.पी. चौधरी — लेखक बलबीर शर्मा एकल अभियान के 5 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन, आचार्यों को मिला सेवा, संस्कार और संगठन का मंत्र पंडवानी की स्वर-सम्राज्ञी पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को रायगढ़िया कलाकारों की भावभीनी श्रद्धांजलि