एनटीपीसी लारा की सीएसआर पहल से खिले बच्चों के चेहरे, एकताल ग्राम पंचायत में वितरित हुए बैग, पुस्तकें, रेनकोट व खेल सामग्री



शिक्षा और प्रतिभा को मिला नया संबल: एनटीपीसी लारा ने विद्यार्थियों को दी अध्ययन सामग्री, प्रेस रिपोर्टर क्लब ने की पहल की सराहना


रायगढ़।
एनटीपीसी लारा द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के अंतर्गत ग्राम पंचायत एकताल के स्कूली बच्चों के लिए उपयोगी शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल बैग, किताबें, रेनकोट, खेल सामग्री, नवोदय प्रवेश परीक्षा की पुस्तकें तथा प्रयास बुक वितरित की गईं, जिससे बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में एनटीपीसी लारा के एचआर प्रमुख एजीएम जाकिर खान, अभिलाष सर, डीजीएम मनीष चतुर्वेदी, खदीजा मैडम, प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत एकताल के सरपंच हिमांशु चौहान, विद्यालय के गुरुजन, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने से उनकी पढ़ाई में सुविधा होगी और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता ने एनटीपीसी लारा की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि उद्योगों द्वारा सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्य समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे, जिससे ग्रामीण अंचलों के बच्चों को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल सकें।
