संत शिरोमणि रविदास सभी धर्म और सर्व समाज के प्रेरणास्रोत — हिमांशु चौहान



संत रविदास ने जीवनभर दिया समानता और स्वाभिमान का संदेश, आम इंसान को सम्मान के साथ जीने की राह दिखाई

रायगढ़। संत शिरोमणि रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देती हैं। प्रदेश सरपंच संघ के उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु चौहान ने संत रविदास जी को नमन करते हुए कहा कि वे किसी एक जाति या वर्ग के नहीं, बल्कि सभी धर्मों और सर्व समाज के प्रेरणास्रोत थे।
हिमांशु चौहान ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवनभर समाज में समानता, समरसता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनका विचार था कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म और आचरण से होती है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने आम इंसान के भीतर स्वाभिमान और आत्मविश्वास जगाने का कार्य किया। उनकी वाणी और विचार आज भी समाज को एकजुट करने तथा आपसी भाईचारा मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
हिमांशु चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, मानवता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक ऐसे समाज का निर्माण किया जा सकता है, जहां हर व्यक्ति को समान सम्मान और अधिकार मिले।
