“नीट अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज लोकतंत्र पर आघात, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई — पिंटू सिंह”

“जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग”
रायगढ़। श्री राजपूत करणी सेना, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के जिला अध्यक्ष पिंटू सिंह ने 22 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर प्रशासन द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने और न्याय की मांग करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। ऐसे में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भावना के विपरीत है।
पिंटू सिंह ने केंद्र एवं संबंधित प्रशासन से मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी अधिकारी या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही अथवा दोष सिद्ध होता है, तो उसके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रदर्शन कर रहे छात्रों को न्याय दिलाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती संवाद, संवेदनशीलता और न्यायपूर्ण व्यवस्था से होती है, न कि बल प्रयोग से। छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए।