रायगढ़ में इंडियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा का शुभारंभ



वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया लोकार्पण, क्षेत्रवासियों को मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएँ • वित्तीय समावेशन को मिलेगी नई मजबूती • स्थानीय व्यापार, उद्योग और रोजगार को मिलेगा प्रोत्साहन


रायगढ़। शहर के चैतन्य नगर स्थित कृष्णा क्राउन कॉम्प्लेक्स में इंडियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा का शुभारंभ समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी जी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर बैंक की नवीन शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक (रायपुर) गौरी शंकर नायक, भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री पावन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बैंक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुआ। बैंक अधिकारियों ने अतिथियों को शाखा की आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं एवं ग्राहकों के लिए उपलब्ध विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। नई शाखा में बचत एवं चालू खाते, डिजिटल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, कृषि एवं व्यवसायिक ऋण सहित अनेक आधुनिक बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक सुलभ, सुरक्षित एवं पारदर्शी बैंकिंग सेवाएँ पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का विस्तार प्रदेश के आर्थिक विकास, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।क्षेत्र में बैंक की नई शाखा का प्रारंभ होना स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और वित्तीय समावेशन को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।
इंडियन ओवरसीज बैंक के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री गौरी शंकर नायक जी ने कहा कि बैंक आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ की यह नई शाखा ग्राहकों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान , नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ, इंडियन ओवरसीज बैंक के राज्य विपणन प्रमुख एवं आईटी उत्पाद के वरिष्ठ प्रबंधक बृजेश सिंह गौतम, रायगढ़ शाखा प्रबंधक प्रताप कुमार प्रधान, सहायक प्रबंधक जयराम दोराई, लिपिक संजय डे सहित बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने इंडियन ओवरसीज बैंक की नवीन शाखा के शुभारंभ पर शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह शाखा क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों को बेहतर वित्तीय सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

