विश्व हाथी दिवस पर कुरू पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम, हाथी-मानव द्वंद्व पर हुई विशेष चर्चा



कुरू। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कुरू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जंगली हाथियों के संरक्षण, उनके व्यवहार तथा हाथी-मानव द्वंद्व से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में घबराने के बजाय वन विभाग को तत्काल सूचना दें और हाथियों के करीब जाने, उन्हें उकसाने अथवा किसी भी प्रकार से परेशान करने से बचें। साथ ही ग्रामीणों से जंगल एवं हाथियों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में हाथी-मानव द्वंद्व को कम करने के लिए ग्रामीणों की जागरूकता और सामूहिक सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया। उपस्थित लोगों ने हाथियों के संरक्षण के साथ-साथ मानव सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग एवं प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


