गौ तस्करी पर सरकार को कड़ा रुख अपनाना होगा : श्याम कुमार गुप्ता




पिकअप में ठूंस-ठूंसकर ले जाई जा रही गायें पकड़ी गईं, चालक समेत तीन लोग वाहन छोड़कर फरार


रायगढ़। छत्तीसगढ़ में गौ तस्करी की घटनाओं को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव एवं नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम कुमार गुप्ता ने सरकार और सुरक्षा तंत्र से इस गंभीर विषय पर कड़ा रुख अपनाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि आज लारी पानी क्षेत्र के पास एक पिकअप वाहन पकड़ा गया, जिसमें गायों को कथित रूप से बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। वाहन में गायों की स्थिति देखकर पशु क्रूरता की गंभीरता स्पष्ट दिखाई दे रही थी। बताया गया कि पिकअप चालक सहित तीन लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं केवल पशु क्रूरता का मामला नहीं, बल्कि गौवंश की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को गौ तस्करी रोकने के लिए और अधिक कड़े एवं प्रभावी कदम उठाने होंगे। सुरक्षा विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखते हुए तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने प्रदेश के सभी गौसेवकों और युवाओं से भी अपील करते हुए कहा कि गौवंश की सुरक्षा के लिए जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। कानून हाथ में लेने के बजाय प्रशासन के सहयोग से गौ तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि “अगर गौ माता को बचाना है तो गौ तस्करी के खिलाफ सरकार को बेहद कड़ा रुख अपनाना होगा। लगातार निगरानी, त्वरित कार्रवाई और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई से ही इस समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।”
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पकड़े गए वाहन और मामले की निष्पक्ष जांच कर गौवंश की स्थिति, परिवहन के उद्देश्य और फरार आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।