जंतर-मंतर पर सवर्ण समाज के शांतिपूर्ण आंदोलन का श्याम कुमार गुप्ता ने किया समर्थन


भारत सरकार गंभीरता से विचार करे, आर्थिक रूप से कमजोर व प्रतिभाशाली युवाओं के लिए निकाले न्यायपूर्ण रास्ता
रायगढ़। प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव एवं नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष- संस्थापक श्याम कुमार गुप्ता ने जंतर-मंतर पर सवर्ण समाज द्वारा अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से किए जा रहे आंदोलन का पूर्ण समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार के समक्ष रख रहा है, इसलिए भारत सरकार को उनकी भावनाओं और समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित समाधान का रास्ता निकालना चाहिए।
श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और देशहित में उनके नेतृत्व पर विश्वास रखते हैं, लेकिन जहां किसी व्यवस्था को लेकर समाज के एक वर्ग में पीड़ा या असंतोष है, वहां अपनी बात रखना भी लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज का हर व्यक्ति आर्थिक रूप से संपन्न नहीं है। समाज में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जो वर्षों से आर्थिक संघर्ष करते हुए अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और भविष्य देने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से ही आर्थिक कठिनाइयों को करीब से देखा है और आज भी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान और योग्य बच्चों को केवल आर्थिक कमजोरी या मौजूदा व्यवस्था के कारण अवसरों से वंचित नहीं होना चाहिए।
गुप्ता ने कहा कि यदि सरकार यह मानती है कि सवर्ण समाज आर्थिक रूप से पूरी तरह सक्षम है, तो वास्तविक स्थिति जानने के लिए व्यापक सर्वेक्षण कराया जाना चाहिए। सर्वेक्षण के आधार पर यह स्पष्ट किया जा सकता है कि समाज में कितने परिवार वास्तव में आर्थिक रूप से सक्षम हैं और कितने परिवार आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “हम किसी दूसरे समाज के अधिकार छीनने की मांग नहीं कर रहे हैं। हमारी मांग सिर्फ इतनी है कि आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली बच्चों को भी आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।”
श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार देता है। ऐसे में सरकार को ऐसी नीति और व्यवस्था पर विचार करना चाहिए, जिससे किसी भी वर्ग का जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली युवा अपने भविष्य को लेकर निराश न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी क्षेत्रों में योग्य युवाओं के लिए अवसर सुनिश्चित करना देश के भविष्य के लिए भी आवश्यक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारत सरकार से विशेष अपील करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे सवर्ण समाज की मांगों को गंभीरता से सुना जाए और इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए न्यायपूर्ण एवं व्यावहारिक रास्ता निकाला जाए।
गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी समाज के अधिकारों का विरोध करना नहीं, बल्कि हर आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली युवा को समान अवसर दिलाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस विषय पर सकारात्मक पहल करेगी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान निकालेगी, जिससे समाज में समानता और विश्वास की भावना और मजबूत हो।
