अमन तिवारी को मिलेगा ‘शहीद पंकज विक्रम सम्मान – गुरु श्याम कुमार गुप्ता ने जताया गर्व


29 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों होगा सम्मान, खेल मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली मार्शल आर्ट खिलाड़ी एवं कोच अमन तिवारी को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित विशेष सम्मान समारोह में शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह 29 अगस्त को आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के हाथों अमन तिवारी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा जी सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
अमन तिवारी के इस सम्मान पर प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव, अंतर्राष्ट्रीय मार्शल आर्ट खिलाड़ी एवं अंतर्राष्ट्रीय कोच तथा छत्तीसगढ़ के विख्यात मार्शल आर्ट रेंशी श्याम कुमार गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने शिष्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
श्याम कुमार गुप्ता ने कहा, “अमन तिवारी मेरे बचपन के शिष्य हैं। आज उन्हें ‘शहीद पंकज सम्मान’ मिलने जा रहा है, यह मेरे लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। इस पुरस्कार से अमन का सीना तो चौड़ा होगा ही, लेकिन एक गुरु के रूप में मेरा सीना उससे भी ज्यादा चौड़ा हुआ है। अपने शिष्य को आगे बढ़ते और सम्मान प्राप्त करते देखना मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी है।”
उन्होंने कहा कि अमन तिवारी को इस सम्मान को अपनी मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत मानना चाहिए। अभी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इससे भी बड़े सम्मान हासिल करने का लक्ष्य लेकर निरंतर मेहनत करनी है।
देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में सेवा दे रहे हैं श्याम कुमार गुप्ता के शिष्य
रेंशी श्याम कुमार गुप्ता ने अपने शिष्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके देशभर में अनेक परम शिष्य आज अलग-अलग महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके शिष्यों में आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, एसपी, डीएसपी, टीआई सहित विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी एवं प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं। राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में भी उनके कई शिष्य सक्रिय होकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “आज मुझे इस बात का गर्व है कि मेरे शिष्य जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर देश और समाज की सेवा कर रहे हैं। कोई अच्छे अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है, कोई चिकित्सा और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में योगदान दे रहा है, तो कोई सामाजिक, राजनीतिक और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रहा है। मेरे लिए इससे बड़ी खुशी और गर्व की बात और क्या हो सकती है कि मेरे शिष्य अपने-अपने क्षेत्र में अच्छा कार्य करते हुए लगातार अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं अपने सभी शिष्यों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। वे इसी तरह ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ अपने-अपने क्षेत्र में अच्छा कार्य करते रहें तथा समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देते रहें। गुरु के लिए इससे बड़ा सम्मान कुछ नहीं कि उसके शिष्य आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन करें।”
अमन के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुरु का आशीर्वाद
श्याम कुमार गुप्ता ने अपने शिष्य अमन तिवारी को आशीर्वाद देते हुए कहा, “आप अपने खिलाड़ियों के साथ निरंतर मेहनत करते रहें और मार्शल आर्ट के क्षेत्र में अपना स्थान स्थापित करते रहें। मेरा आशीर्वाद हमेशा आपके साथ है। जब-जब मेरी जरूरत पड़ेगी, मैं आपको पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए आपके साथ खड़ा रहूंगा। यह सम्मान एक पड़ाव है, मंजिल नहीं। आगे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इससे भी बड़े सम्मान हासिल करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है।”
अमन तिवारी को मिलने जा रहा ‘शहीद पंकज सम्मान’ उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ-साथ उनके गुरु, साथी खिलाड़ियों और पूरे छत्तीसगढ़ के मार्शल आर्ट जगत के लिए भी गौरव का विषय है। वहीं, अपने शिष्यों की विभिन्न क्षेत्रों में सफलता को रेंशी श्याम कुमार गुप्ता अपनी वर्षों की साधना और प्रशिक्षण का सुखद परिणाम मानते हैं।
