खेल दिवस पर खिलाड़ियों के हक में रायगढ़ में अनोखी पहल, स्थानीय उद्योगों में रोजगार की मांग को लेकर भूख हड़ताल


रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में आंदोलन, प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता ने रक्त से तिलक कर जताया समर्थन



रायगढ़। खेल दिवस के अवसर पर रायगढ़ में स्थानीय खिलाड़ियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। नव निर्माण संकल्प समिति के नेतृत्व में जिले के स्थानीय खेल प्रतिभाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार एवं उचित स्थान दिलाने की मांग को लेकर एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की गई। इसे रायगढ़ के खिलाड़ियों के हित में एक बड़ी और क्रांतिकारी पहल माना जा रहा है।
भूख हड़ताल का नेतृत्व रामचंद्र शर्मा जी ने किया। समिति ने मांग उठाई कि रायगढ़ जिले में संचालित 200 से अधिक उद्योगों में स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनकी योग्यता और खेल उपलब्धियों के अनुरूप रोजगार के अवसर दिए जाएं।
इस अवसर पर प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता ने अपने परम मित्र एवं नव निर्माण संकल्प समिति के नेतृत्वकर्ता रामचंद्र शर्मा जी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और समर्थन का अनूठा परिचय दिया। उन्होंने अपने रक्त से रामचंद्र शर्मा जी का तिलक कर भूख हड़ताल स्थल पर अपना समर्थन व्यक्त किया तथा पूरे प्रेस रिपोर्टर क्लब परिवार की ओर से इस आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।
“उद्योग आने के बाद से खिलाड़ियों को लगातार छला गया” — श्याम कुमार गुप्ता

कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में श्याम कुमार गुप्ता ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जब से उद्योग रायगढ़ जिले में आए हैं, तब से लगातार जिम्मेदार लोगों द्वारा स्थानीय खिलाड़ियों की उपेक्षा की गई और उन्हें छला गया। आज जिले में 200 से अधिक उद्योग हैं। यदि प्रत्येक कंपनी केवल पांच-पांच स्थानीय खिलाड़ियों को भी रोजगार देती, तो आज जिले के सैकड़ों-हजारों खिलाड़ी रोजगार से जुड़ चुके होते और उनके सामने रोजगार का संकट नहीं होता।
उन्होंने कहा कि यह केवल रोजगार की मांग नहीं, बल्कि रायगढ़ की खेल प्रतिभाओं के सम्मान और उनके भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। इतने वर्षों से खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रोशन किया, लेकिन उन्हें उनके ही जिले में रोजगार का उचित अवसर नहीं मिल सका।
श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि नव निर्माण संकल्प समिति की यह पहल क्रांतिकारी है, क्योंकि पहली बार खिलाड़ियों के हित में इतनी मजबूती से आवाज उठाई गई है। उन्होंने जिले के सभी खिलाड़ियों से अपील की कि वे आगे आएं और रामचंद्र शर्मा जी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को अपना समर्थन दें, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों के रोजगार और सम्मान की मांग शासन-प्रशासन एवं उद्योग जगत तक मजबूती से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि खेल दिवस केवल खिलाड़ियों का सम्मान करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इस अवसर पर उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस निर्णय भी होने चाहिए। स्थानीय उद्योगों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ी क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, मार्शल आर्ट, एथलेटिक्स सहित अनेक खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इन सभी खेल प्रतिभाओं को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।
श्याम कुमार गुप्ता ने नव निर्माण संकल्प समिति के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि रामचंद्र शर्मा जी, जो पूर्व डीएसपी, दैनिक अखबार क्रांतिकारी संकेत के संपादक एवं संस्कार पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर हैं, जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। खिलाड़ियों के रोजगार, प्रतिभा के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर उनका आगे आना सराहनीय है।
इस अवसर पर प्रेस रिपोर्टर क्लब की ओर से संभागीय सचिव पिंगल बघेल, संभागीय संरक्षक सरोज श्रीवास, सदस्य शत्रुघ्न साहू, जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाटिया, धनिमुनि महाराज जी एवं राजेश शर्मा सहित प्रेस रिपोर्टर क्लब परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक एवं पत्रकार संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा कि खेल दिवस पर आयोजित यह भूख हड़ताल रायगढ़ की खेल प्रतिभाओं के भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। स्थानीय उद्योगों को आगे आकर खिलाड़ियों को रोजगार देने की ठोस व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार मिल सके।
नव निर्माण संकल्प समिति ने स्पष्ट किया कि स्थानीय खिलाड़ियों को रोजगार, खेल प्रतिभाओं का सम्मान और जिले के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।
