दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर घायल



ओवरब्रिज पर अज्ञात भारी वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवा नेता पिंटू सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने उठाई जनहित की आवाज


रायगढ़। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 68 वर्षीय रुपचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रामवती नायक गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, रुपचंद नायक अपनी पत्नी रामवती नायक के साथ बाइक से अपने गृह ग्राम कुसमुरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रुपचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रामवती नायक गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जनहित के मुद्दों पर हमेशा मुखर रहते हैं युवा नेता पिंटू सिंह
इस हादसे के साथ क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और शहरी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्वास्तिक मजदूर सेवा समिति संगठन के अध्यक्ष एवं युवा नेता पिंटू सिंह लगातार जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर मुखर होकर अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाते रहे हैं।
पिंटू सिंह शहर की बिजली, सड़क, नाली, यातायात व्यवस्था और आम जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। वहीं क्षेत्र के उद्योगों में मजदूरों के कथित शोषण और उद्योग प्रबंधन की मनमानी जैसे मुद्दों पर भी वे बेबाकी से अपनी बात रखते हैं। यही वजह है कि वे स्थानीय स्तर पर आम जनता और मजदूर वर्ग से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले युवा नेताओं में अपनी पहचान बना रहे हैं।
पिंटू सिंह का कहना है कि जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल समस्या बताने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना भी जरूरी है। उनका प्रयास रहता है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचे और उन्हें मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस दौरान सरपंच पति सनत नायक, नरेश पटेल, राजेश नायक, राधेश्याम शर्मा सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और हादसे को लेकर चिंता जताई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरब्रिज सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा तेज रफ्तार और भारी वाहनों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
