शैलेन्द्री साहू का राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन


पिथौरा। शहीद प्रमोद पटेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गड़बेड़ा में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत छात्रा कु. शैलेन्द्री साहू का राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। पेंड्रा में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी चयन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शैलेन्द्री का चयन प्रदेश की टीम के लिए हुआ है।
शैलेन्द्री ने गत वर्ष भी बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय चयन स्पर्धा में सहभागिता की थी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर विद्यालय परिवार एवं संकुल केंद्र गड़बेड़ा में हर्ष का माहौल है।
शैलेन्द्री ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। उनका सपना प्रदेश की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर चैंपियन बनते देखना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच गौरी पटेल (पीटीआई) को दिया है।
शैलेन्द्री के राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयनित होने पर विद्यालय के प्राचार्य कौशल किशोर साहू, समन्वयक लोकनाथ सिन्हा, प्रधान पाठक दयाराम, प्रधान पाठक सरस्वती पटेल, हितेश पटेल, नरेंद्र दीवान, बेदराम पटेल, लक्ष्मी पटेल, नरेश कुमार बरिहा, तेजुराम यादव एवं शिक्षक हेमंत खुटे सहित विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

