भारतीय देशी गौवंश का पालन-संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत



गौसेवा आयोग रायगढ़ जिलाध्यक्ष बंशीधर बेहरा ने किया समाज से गौसेवा और वृक्षारोपण का आह्वान

रायगढ़। गौसेवा आयोग रायगढ़ जिलाध्यक्ष बंशीधर बेहरा ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय देशी गौवंश का पालन, संवर्धन एवं संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। गौवंश हमारी संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा रहा है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोग जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पितृ तर्पण और विवाह समारोह जैसे अवसरों पर बड़ी राशि खर्च करते हैं। यदि इन आयोजनों के खर्च में से थोड़ी राशि गौमाता के संरक्षण-संवर्धन और वृक्षारोपण के लिए समर्पित की जाए, तो इससे समाज, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
बंशीधर बेहरा ने अपील की कि खुशी और धार्मिक अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए उन्हें गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर समाजहित का संकल्प लिया जाए।
