सफलता की पाठशाला का शुभारंभ, बच्चों को मिलेगी सामान्य ज्ञान की विशेष तैयारी

पिथौरा। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कसहीबाहरा में विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास एवं सामान्य ज्ञान को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवाचारी शिक्षक एवं संस्था प्रमुख हेमंत खुटे की पहल पर “सफलता की पाठशाला” का शुभारंभ किया गया।
इस अभिनव पहल के तहत प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से 10:00 बजे तक विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षा का संचालन किया जाएगा, जिसमें सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं, तार्किक क्षमता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी कराई जाएगी। संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने बताया कि बच्चों के ज्ञान और व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए यह विशेष कक्षा प्रारंभ की गई है, जिससे वे नियमित अध्ययन के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी माहौल के लिए भी तैयार हो सकें।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों का पाक्षिक मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा तथा उनके नाम विद्यालय के लीडरबोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सभी विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से दैनिक उपयोग की नोटबुक एवं पेन वितरित किए गए।
उल्लेखनीय है कि हेमंत खुटे इससे पूर्व भी “संडे की पाठशाला” , “शतरंज की पाठशाला” एवं हौसले की पाठशाला जैसी नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों का सफल संचालन कर चुके हैं, जिनसे अनेक विद्यार्थियों के ज्ञान, आईक्यू तथा व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिली है।
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों ने इस पहल को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक अनुकरणीय प्रयास बताते हुए इसकी सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि यह नवाचार विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
