रेंगालपाली स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर शिक्षा, पर्यावरण और आत्मरक्षा का संदेश






टॉप-10 से महज एक अंक दूर रेंगालपाली के विद्यार्थियों की श्याम गुप्ता ने की सराहना, हिमांशु चौहान के पर्यावरण योगदान को भी सराहा
रायगढ़। रेंगालपाली स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष हिमांशु चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, अनुशासन, करियर और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर हिमांशु चौहान ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए पढ़ाई और शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य और करियर को बेहतर बनाने के लिए अभी से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
वहीं श्याम कुमार गुप्ता ने रेंगालपाली स्कूल के विद्यार्थियों की उपलब्धि की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में इतने सारे स्कूल होने के बावजूद रेंगालपाली स्कूल के बच्चे टॉप-10 में स्थान बनाने से महज एक अंक पीछे हैं, यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे अपनी मेहनत को थोड़ा और बढ़ा दें, तो आने वाले समय में टॉप-10 में स्थान बनाना निश्चित है।
चार साल पहले लगाया पौधा आज बन चुका पेड़
श्याम गुप्ता ने स्कूल परिसर में दिखाई दे रही हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमांशु चौहान ने करीब चार वर्ष पहले स्कूल परिसर में पौधा लगाया था, जो आज एक पेड़ बन चुका है और विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने में योगदान दे रहा है।
उन्होंने अपने परम शिष्य हिमांशु चौहान को इस सराहनीय पर्यावरणीय कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह स्कूल के प्रति उनके समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी को प्रमाणित करता है।
श्याम गुप्ता ने कहा कि उनका क्षेत्र मार्शल आर्ट और पत्रकारिता है। वे विद्यालय के विद्यार्थियों को सेल्फ डिफेंस एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने के लिए सहयोग करेंगे, ताकि बच्चे शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के गुर भी सीख सकें।
विद्यालय के प्राचार्य उरांव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि श्याम गुप्ता और हिमांशु चौहान स्कूल एवं विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर सोच रहे हैं तथा विद्यालय को लगातार सहयोग दे रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्याम गुप्ता एवं हिमांशु चौहान ने छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आत्मरक्षा और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया।
