स्टार मेकर के प्यारे-प्यारे गायकों का आत्मीय मिलन समारोह आयोजित



रायगढ़। शहर के साइन श्रद्धा होटल में स्टार मेकर से जुड़े गायकों का आत्मीय एवं यादगार मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायगढ़ सहित प्रदेश और देश के विभिन्न शहरों से आए गायकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर कलाकारों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए तथा गीत-संगीत से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया।
रायगढ़ के विशिष्ट अतिथि श्री महेंद्र सिंह भाटिया एवं श्रीमती हरजीत कौर भाटिया के आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में अजमेर से मिलन जैन, रायगढ़ से सोनू भाटिया, विवेक चौरसिया, श्रीकांत दीक्षित, संजीव दुबे, तिलसागर जी एवं गजानंद जी, रायपुर से निशा जी एवं सविता जी, केरल से वृंदा जी एवं हरियटन जी, मध्यप्रदेश के नीमच से अशोक जी एवं पूजा जी तथा अहमदनगर से नुसरत जी विशेष रूप से शामिल हुए।
समारोह के दौरान सभी गायकों ने संगीत के प्रति अपने जुनून, अनुभव और यादों को साझा किया। कलाकारों ने एक-दूसरे की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए संगीत के क्षेत्र में आपसी सहयोग, मित्रता और भाईचारे को और मजबूत करने पर जोर दिया। गीत-संगीत के साथ कलाकारों ने आपसी मेल-मिलाप और आत्मीय बातचीत का भी आनंद लिया।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के मिलन समारोह कलाकारों को एक-दूसरे से सीखने, अपनी प्रतिभा साझा करने तथा संगीत के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। दूर-दूर से रायगढ़ पहुंचे कलाकारों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की इच्छा जताई।
गीत-संगीत, आत्मीयता और आपसी प्रेम से सराबोर यह मिलन समारोह सभी कलाकारों के लिए यादगार रहा। सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्टार मेकर से जुड़े गायकों के बीच मित्रता, सहयोग और भाईचारे को और मजबूत किया।

